सहारनपुर , मई 04 -- पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता संजय गर्ग ने इसे राज्य के सांस्कृतिक और राजनीतिक परिदृश्य में बड़े बदलाव का संकेत बताया है। श्री गर्ग ने कहा कि यह सफलता केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि जनमानस में आए व्यापक परिवर्तन को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए अत्याचारों की खबरों ने पश्चिम बंगाल की जनता में असुरक्षा की भावना को बढ़ाया, जिसे मतदाताओं ने अपने भविष्य के संदर्भ में भी देखा।
उन्होंने कहा कि इसी कारण भाजपा के पक्ष में मतदाताओं का एक बड़ा वर्ग, जो पहले बिखरा हुआ था, अब एकजुट हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय बदलाव को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष था और घुसपैठ के कारण संसाधनों पर बढ़ते दबाव ने लोगों में अपनी पहचान को लेकर चिंता बढ़ा दी थी।
श्री गर्ग के अनुसार, भाजपा द्वारा इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और राज्य के "पुनर्मूल्यांकन" की बात करना जनता को आकर्षित करने में सफल रहा, जिसका परिणाम चुनावी जीत के रूप में सामने आया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित