पटना , मई 04 -- बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत अहंकार, आतंक और अत्याचार के खिलाफ सनातन और सुशासन के प्रति जनता के गहरे विश्वास का प्रतीक है।

श्री सिन्हा ने आज बयान जारी कर कहा कि एक लंबे वैचारिक संघर्ष, संगठन के सतत प्रयास और असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग और बलिदान के कारण आज बंगाल में कमल खिला है। उन्होंने कहा कि वोट की चोट से वहां की जनता ने 'सन्तुष्टिकरण' के पक्ष में जनादेश देकर तुष्टिकरण की राजनीति को धूल चटाई है । भारतीय जनता पार्टी की यह जीत सही मायने में बंगाल के लोगों की ओर से डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के प्रति श्रद्धांजलि भी है ।

श्री सिन्हा ने कहा कि बंगाल की जनता आज करीब पांच दशक की राजनीतिक दुष्चक्र से बाहर निकली है। उन्होंने कहा कि पहले 34 वर्ष वामपंथ की विनाशलीला और फिर बीते 15 वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस के कुशासन से त्रस्त लोगों को पहली बार निडर होकर अपनी सरकार चुनने का अवसर मिला, जिसमें वहां के लोगों ने अपना स्पष्ट जनमत सनातन की सोच पर आधारित सुशासन के पक्ष में दिया है ।

पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा को जनादेश देकर विकास की निरंतरता को गले लगाया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में वहां की सरकार के परिश्रम की पराकाष्ठा और तपस्या की ताकत का परिणाम है।निश्चित रूप से इन नतीजों का बहुत दूरगामी असर होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अच्छी नीति पर आधारित भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राजनीति के प्रति जनता में मौजूद स्वीकार्यता और स्पष्ट रूप से दिखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित