चेन्नई , अक्टूबर 24 -- बंगाल की खाड़ी में शुक्रवार को निम्न दबाव का एक नया क्षेत्र बन गया है, जो 27 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि यह भौगोलिक प्रणाली धीरे-धीरे तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का कारण बन सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण तमिलनाडु में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय है, जिसके चलते दक्षिण तमिलनाडु के कई स्थानों पर बारिश हुई। जबकि उत्तर तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर वर्षा दर्ज की गयी। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बने ऊपरी हवाओं के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से शुक्रवार सुबह 5:30 बजे निम्न दबाव क्षेत्र बन गया। यह प्रणाली सुबह 8:30 बजे तक उसी क्षेत्र में थी और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रही है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि यह प्रणाली 25 अक्टूबर तक दक्षिण-पूर्व और मध्य बंगाल की खाड़ी में अवदाब (डिप्रेशन) में बदल सकती है। यह 26 अक्टूबर तक गहरा अवदाब बन सकती है, और 27 अक्टूबर की सुबह तक दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है।

इस चक्रवाती प्रणाली के प्रभाव से 28 अक्टूबर तक उत्तर तमिलनाडु, विशेष रूप से चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर, और चेंगलपट्टू और उत्तर आंतरिक जिलों में भारी बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटों में तिरुवल्लूर जिले के पल्लीपट्टू में सबसे अधिक 15 सेमी बारिश दर्ज की गयी, जबकि कई जिलों में 6 सेमी से 15 सेमी तक बारिश हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित