नयी दिल्ली , दिसंबर 20 -- विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बंगलादेश में हिंदू युवक दीप चंद्र की हत्या की घटना की निंदा की है और केंद्र सरकार तथा वैश्विक समुदाय के चुनावों की आड़ में हिंदूओं और भारतीय प्रतिष्ठानों पर हो रहे हमलों को लेकर तत्काल कदम उठाने की अपील की है।
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि चुनावी सुगबुगाहट के बीच बंगलादेश एक बार फिर हिंसक राह की ओर बढ़ चला है। जिहादियों के झुंड ने गुरुवार रात को जिस प्रकार हिंदू युवक दीपू चंद्र दास को पीट-पीट हत्या की और उसके शव पेड़ से लटका कर सार्वजनिक स्थान पर जला दिया। वह हृदय विदारक , चिंताजनक और मानवता को शर्मसार करने वाला है। इससे वहां शेष बचे हिंदू डरे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं, वहां के कई अखबारों के दफ्तरों को निशाना बनाया गया, पत्रकारों को मारने की कोशिश हुई, भारतीय सहायक उच्चायुक्त के घर पर पत्थरबाजी की गयी। दुर्भाग्य यह है कि इन आतंकी घटनाओं पर संयुक्त राष्ट्र और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठन मौन है जो बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद इन घटनाओं की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए भारत सरकार समेत विश्व बिरादरी से अपील करती है कि चुनावों की आड़ में हिंदूओं और भारतीय प्रतिष्ठानों पर हो रहे इन हमलों पर अविलंब विराम लगाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित