ढाका , दिसंबर 28 -- बंगलादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने रविवार को देश में अल्पसंख्यकों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करने वाले भारत के बयान को खारिज कर दिया और भारत में मुसलमानों और ईसाइयों सहित धार्मिक अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने वाली 'सामूहिक हिंसा' पर चिंता व्यक्त की तथा दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने का आह्वान किया।

भारत की ओर से 'इस्लामवादी चरमपंथियों' के हाथों बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ 'निरंतर शत्रुता' को गहरी चिंता का विषय बताने के दो दिन बाद बंगलादेश के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एसएम महबूबुल आलम ने रविवार शाम को एक बयान में भारत से अल्पसंख्यकों के बारे में 'भ्रामक जानकारी' फैलाने से बचने का आग्रह किया।

श्री आलम ने कहा, "हमने बंगलादेश में अल्पसंख्यक समुदायों की स्थिति के संबंध में भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता की हालिया टिप्पणियों पर गौर किया है। उनकी टिप्पणियां वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाती हैं। बंगलादेश की सरकार किसी भी ऐसे भ्रामक, अतिरंजित या जानबूझकर दिए गए विवरण को स्पष्ट रूप से खारिज करती है, जो बंगलादेश में सांप्रदायिक सद्भाव की दीर्घकालिक परंपरा को गलत तरीके से पेश करता है।"प्रवक्ता ने उल्लेख किया कि 'कुछ अलग-थलग आपराधिक घटनाओं को हिंदू समुदाय के संस्थागत उत्पीड़न के रूप में चित्रित करने के जानबूझकर प्रयास किए जा रहे हैं'। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं का 'बांग्लादेश विरोधी भावना फैलाने के लिए भारत के विभिन्न हिस्सों में दुरुपयोग किया जा रहा है'।

भारत ने 26 दिसंबर को मैमनसिंह के एक हिंदू फैक्ट्री कर्मचारी दीपू चंद्र दास की लिंचिंग की निंदा की थी और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने की मांग की थी।

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 26 दिसंबर को नयी दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अंतरिम सरकार के कार्यकाल के दौरान हत्या, आगजनी, जमीन हड़पने के मामलों सहित अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की 2,900 से अधिक घटनाएं दर्ज की गई हैं।

श्री जयसवाल ने कहा, "इन घटनाओं को केवल मीडिया की अतिशयोक्ति कहकर दरकिनार नहीं किया जा सकता है या राजनीतिक हिंसा के रूप में खारिज नहीं किया जा सकता है। हिंदुओं, ईसाइयों, बौद्धों सहित बंगलादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ चरमपंथियों के हाथों निरंतर शत्रुता गहरी चिंता का विषय है।"बांग्लादेश विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक दूसरे हिंदू युवक अमृत मंडल (29 ) की मृत्यु का जिक्र करते हुए कहा कि वह व्यक्ति 'एक कुख्यात अपराधी' था। उल्लेखनीय है कि अमृत मंडल की 24 दिसंबर को राजबाड़ी के पांगशा उपजिला में भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित