अगरतला , दिसंबर 23 -- त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में बंगलादेश सहायक उच्चायोग ने मंगलवार से सभी वीजा और वाणिज्य दूतावास सेवाओं को निलंबित कर दिया है और इसका कारण अनिवार्य परिस्थितियों बताया गया है।

प्रथम सचिव और मिशन प्रमुख एस एम अलमास हुसैन ने बयान में बताया कि निलंबन में सभी प्रकार की वीजा प्रक्रिया और वाणिज्य दूतावास सेवाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा, "सभी कार्य अनिश्चितकाल के लिए स्थगित रहेंगे, और इस समय सेवा फिर से शुरू करने के लिए कोई निश्चित समयसीमा नहीं दी गई है। यह निर्णय उस पृष्ठभूमि में आया है जब दूतावास परिसर के बाहर हाल ही में हुई विरोध प्रदर्शनों के कारण भड़की अशांति के मद्देनजर ली गयी है।

इन प्रदर्शनों का आयोजन मुख्यतः टिपरा मोथा पार्टी के युवा संगठन टिपरा इंडिजेनस स्टूडेंट्स फेडरेशन (टीआईएसएफ) ने कई दक्षिणपंथी समूहों के सहयोग से किया था।

इससे इलाके में तनाव बढ़ा है और कूटनीतिक तथा सामुदायिक संबंधों को लेकर चिंताएं बढ़ गयी हैं। प्रदर्शनकारियों ने बंगलादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ कथित हिंसा की घटनाओं पर नाराजगी जाहिर की है।

उनकी शिकायतों में बंगलादेश की नेशनल सिटिजन पार्टी के नेताओं के सार्वजनिक बयान भी शामिल थे, जिन्हें कई प्रदर्शनकारियों ने आपत्तिजनक पाया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बंगलादेशी अधिकारियों से अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों और सुरक्षा की रक्षा के लिए तुरंत और ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए नारे लगाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित