ढाका , फरवरी 13 -- बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी उन सभी दलों के साथ मिलकर सरकार बनाएगी, जिन्होंने अतीत में सड़कों पर एक साथ मिलकर संघर्ष किया था।
ढाका ट्रिब्यून के अनुसार उन्होंने चुनाव परिणामों के बाद अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान यह बात कही।
मिर्जा फखरुल ने कहा, "हम अपनी प्रतिबद्धताओं के प्रति हमेशा अडिग रहे हैं। हमने पहले ही कहा था कि हम उन लोगों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे जिनके साथ हमने पिछले दिनों सड़कों पर एक साथ आंदोलन किया, और हम उन्हीं के साथ मिलकर सरकार का गठन करेंगे।" उन्होंने बीएनपी की ऐतिहासिक जीत को बताते हुए कहा कि इस जीत का मूल्यांकन इस रूप में किया जाना चाहिए कि बीएनपी बंगलादेश की सबसे लोकप्रिय राजनीतिक पार्टी है।
महासचिव ने कहा कि जब से शहीद राष्ट्रपति जियाउर रहमान ने बीएनपी की स्थापना की है, पार्टी ने कभी अपनी साख नहीं खोई। बीएनपी कोई कैडर-आधारित पार्टी नहीं, बल्कि एक जन-आधारित पार्टी है और इसी चरित्र के कारण पार्टी के घोषणापत्र, विजन और राज्य सुधार के प्रस्तावों को जनता ने स्वीकार किया, जिसका परिणाम आज की शानदार जीत के रूप में सामने आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित