ढाका , जनवरी 20 -- बांगलादेश में 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनावों के दौरान देश भर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग नौ लाख कर्मी को तैनात किया जाएगा।
गृह मामलों के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) मोहम्मद जहांगीर आलम चौधरी ने ढाका में कानून-व्यवस्था पर सलाहकार परिषद समिति की 20वीं बैठक के बाद पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न एजेंसियों के कुल 8,97,117 कर्मी चुनावी ड्यूटी में लगाए जाएंगे। इस सुरक्षा तैनाती में सेना के लगभग एक लाख सदस्य, नौसेना के पांच हजार और वायु सेना के 3,730 सैनिक शामिल होंगे। बल का मुख्य हिस्सा नागरिक कानून प्रवर्तन एजेंसियों से होगा, जिसमें लगभग डेढ़ लाख पुलिस कर्मी, अंसार और ग्राम रक्षा बल के लगभग पौने छह लाख सदस्य तथा बॉर्डर गार्ड कर्मी, रैपिड एक्शन बटालियन के सदस्य, कोस्ट गार्ड के सदस्य शामिल होंगे। अग्निशमन विभाग के लगभग के 13 हजार सदस्य भी सहायता के लिए तैनात होंगे।
श्री चौधरी ने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों को दो चरणों में तैनात किया जाएगा और वे 'रिटर्निंग अधिकारियों' के साथ समन्वय में काम करेंगे। मतदान केंद्रों पर स्थिर सुरक्षा से लेकर मोबाइल गश्ती और त्वरित प्रतिक्रिया इकाइयों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक उपाय किए जा रहे हैं। देश भर में कुल 42,761 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जिनमें से सुरक्षा आकलन के आधार पर 8,780 को 'सबसे महत्वपूर्ण', 16,548 को 'महत्वपूर्ण' और 17,433 को सामान्य केंद्रों के रूप में वर्गीकृत किया गया है। सबसे संवेदनशील केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारी 'बॉडी-वॉर्न' (शरीर पर लगे) कैमरों से लैस होंगे और ऐसे लगभग 25,000 उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। सभी मतदान केंद्रों पर क्लोज-सर्किट (सीसीटीवी) कैमरे भी लगाए जाएंगे।
बंगलादेश में पहली बार विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के कर्मियों के लिए विशेष चुनावी प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है, जिसका समापन 20 जनवरी को होना है। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा और जांच कार्यों के लिए तैनात 'डॉग स्क्वॉड' के साथ-साथ 418 ड्रोनों के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित