लखनऊ , अप्रैल 08 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को अपने लखनऊ स्थित कैम्प कार्यालय पर राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के रचयिता बंकिम चंद्र चटोपाध्याय की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनकी रचनाएं आज भी देशवासियों में राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और राष्ट्रीय चेतना की भावना जगाती हैं।

श्री मौर्ट ने श्री बंकिम चंद्र को महान साहित्यकार, उपन्यासकार और समाज सुधारक बताते हुए आधुनिक बंगला साहित्य का जनक बताया। उन्होंने कहा कि 'वंदे मातरम्' स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों को एकजुट करने का सशक्त माध्यम बना और आज भी हर भारतीय के हृदय में देशप्रेम की भावना को प्रज्ज्वलित करता है। उन्होंने बताया कि 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह गीत माँ भारती के प्रति अटूट प्रेम, बलिदान और आत्मसम्मान का प्रतीक है। साथ ही बंकिम चंद्र की प्रसिद्ध कृति 'आनंदमठ' ने भी राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित