फ्रैंकफर्ट/लखनऊ , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश सरकार इन्वेस्ट यूपी अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में निवेश लाने की कवायद में जुटी है। इसी क्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में जर्मन उद्योग प्रतिनिधियों से मिला।
अधिकारियों के अनुसार इस दौरान प्रदेश में निवेश के व्यापक अवसरों को प्रस्तुत करते हुए जर्मन कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया।
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने जर्मनी के प्रमुख औद्योगिक संगठनों और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने ग्लोबल अफेयर्स एवं इकोनॉमिक्स, इंडो-पैसिफिक एवं चाइना अफेयर्स के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निवेश संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक निवेश और औद्योगिक सहयोग को लेकर सकारात्मक रुख व्यक्त किया। बैठक में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग के क्षेत्र में भारत-जर्मनी साझेदारी को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 करोड़ से अधिक आबादी वाला उत्तर प्रदेश एक विशाल उपभोक्ता बाजार है और तेजी से बढ़ती भारतीय अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेश के अनुकूल नीतियां, मजबूत औद्योगिक आधारभूत संरचना और पारदर्शी व्यवस्था विकसित कर रही है, जिससे प्रदेश वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित