फ्लोरिडा (अमेरिका) , मार्च 20 -- ब्रिटेन की फ्रांसेस्का जोन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मियामी ओपन 2026 टेनिस टूर्नामेंट अमेरिका की दिग्गज वीनस विलियम्स के खिलाफ सीधे सेटों में जीत दर्ज की।
ग्रैंडस्टैंड कोर्ट पर गुरुवार रात एक घंटा 51 मिनट तक चले मुकाबले में 25 वर्षीय गैर-वरीयता प्राप्त फ्रांसेस्का ने सात बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन और टूर्नामेंट की वाइल्डकार्ड खिलाड़ी वीनस विलियम्स की जोरदार चुनौती को पार करते हुए, पहले दौर का यह मुकाबला सीधे सेटों में 7-5, 7-5 से जीत लिया।
एक्ट्रोडैक्टाइली एक्टोडर्मल डिस्प्लेजिया नाम की एक जेनेटिक बीमारी के साथ जन्मी, दुनिया की 93वें नंबर की खिलाड़ी जोन्स हर हाथ में तीन उंगलियों और एक अंगूठे के साथ खेलती हैं। इस बीमारी की वजह से उन्हें कई बार सर्जरी करवानी पड़ी है, लेकिन इसने उन्हें महिलाओं के टेनिस में अपनी छाप छोड़ने से कभी नहीं रोका।
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में चोट के बाद खेल में वापसी करते हुए, जोन्स ने अपने पहले राउंड के मैच में विलियम्स की सर्विस को पांच बार तोड़ा। दोनों सेटों में 4-5 से पीछे होने के बावजूद उन्होंने शानदार वापसी की और उत्साहित भीड़ के सामने एक यादगार जीत हासिल की।
45 वर्षीय टेनिस स्टार के कनाडा की लेयला फर्नांडीज के साथ महिलाओं के युगल मुकाबले में खेलने की उम्मीद है, जबकि जोन्स महिलाओं के एकल टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में पहुंच गई हैं, जहां उनका मुकाबला पांचवीं वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला से होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित