लखनऊ , मार्च 27 -- अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के चलते देश मे पेट्रोल-डीजल संकट को देखते हुए लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ने वाहनों की मांग पर रोक लगा दी है। इस बाबत संस्थान ने कहा है कि अति आवश्यक और आपातकालीन स्थिति में ही वाहनों की मांग की जाए।

शुक्रवार को प्रभारी अधिकारी (वाहन) योगेंद्र कुमार ने एक आदेश जारी कर कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में वाहन प्रकोष्ठ के अधीन वाहनों को पर्याप्त ईंधन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे उनके संचालन में कठिनाई आ रही है। आदेश में कहा गया है कि अब वाहनों की मांग केवल अत्यंत आवश्यक और आपातकालीन कार्यों के लिए ही की जाएगी। सभी विभागाध्यक्षों, फैकल्टी और अधिकारियों से कहा गया है कि वे वाहन का उपयोग प्राथमिकता और आवश्यकता के आधार पर ही करें।

वहीं वाहन मांगते समय कार्य का स्पष्ट उद्देश्य, तात्कालिकता और आवश्यक विवरण देना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, सामान्य या गैर-आपातकालीन कार्यों के लिए वाहन उपलब्ध कराने पर रोक लगाई गई है। आदेश में कहा गया है कि ईंधन की सीमित उपलब्धता को देखते हुए वाहनों का आवंटन केवल संस्थान के अति आवश्यक कार्यों के लिए ही किया जाएगा। यदि किसी कार्य में देरी या असुविधा होती है, तो इसके लिए वाहन प्रकोष्ठ जिम्मेदार नहीं होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित