रायपुर , जनवरी 14 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए जरूरी फोर्टीफाइड राइस के टेंडर में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और धांधली का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि टेंडर की शर्तों में धोखाधड़ी से बदलाव करके लगभग 200 करोड़ रुपये के घोटाले को अंजाम दिया गया है।
श्री दीपक बैज ने बताया कि 19 दिसंबर 2025 को जारी टेंडर की शर्तों को एक सप्ताह के भीतर ही, 26 दिसंबर को बदल दिया गया। इसमें कई नई तकनीकी और वित्तीय शर्तें जोड़ दी गईं, जिसके कारण प्रदेश के लगभग 80 प्रतिशत छोटे एवं मध्यम स्तर के स्थानीय फोर्टीफाइड राइस निर्माता टेंडर प्रक्रिया से बाहर हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने यह बदलाव अपने चहेते कंपनियों को लाभ पहुंचाने और उनसे दोगुनी कीमत पर चावल खरीदने के लिए किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित