धार , फरवरी 6 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में साइबर अपराध के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अज्ञात ठगों द्वारा मोबाइल फोन हैक कर बैंक खातों से रुपये उड़ाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामलों में ठगों ने धामनोद और ग्राम अनारद के दो किसानों को निशाना बनाते हुए उनके खातों से कुल चार लाख 81 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पहला मामला धामनोद क्षेत्र के सुन्द्रेल फाटा निवासी राहुल पिता महादेव पाटीदार का है। राहुल ने बताया कि उनका मोबाइल नंबर संभवतः हैक कर लिया गया था। इसके बाद उनके आईडीएफसी बैंक खाते से तीन बार में बड़ी राशि निकाली गई। दो बार में एक-एक लाख रुपये तथा तीसरी बार में 81 हजार रुपये अज्ञात आरोपी द्वारा कोटक महिंद्रा बैंक के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। खाते से राशि निकलने की जानकारी राहुल को बाद में मिली।
दूसरा मामला धार शहर के समीप ग्राम अनारद का है, जहां निवासी इरफान पिता जाहीद हुसैन खान के बैंक खाते से फर्जी तरीके से दो लाख रुपये निकाल लिए गए। इरफान ने भी थाने पहुंचकर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर धार साइबर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया है। जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी जानकारी संबंधित बैंकों से मांगी जा रही है। साइबर विशेषज्ञों ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और व्हाट्सएप या एसएमएस पर आए किसी भी संदिग्ध लिंक को न खोलें, क्योंकि इससे मोबाइल हैक होने की आशंका रहती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित