भीलवाड़ा , मई 01 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के रीको फोर्थ फेज स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत एक श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त हो गया।
घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर टायर जलाकर उग्र प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से पीटलावत, उज्जैन (मध्य प्रदेश) निवासी घनश्याम वैष्णव (42) अमृत स्पिनर्स प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत था। घनश्याम रात आठ बजे अपनी ड्यूटी पर आया था। सुबह करीब सात बजे पेट में तेज दर्द होने की शिकायत पर वह फैक्ट्री से घर के लिए निकला, लेकिन रास्ते में मयूर फैक्ट्री के पास उसने दम तोड़ दिया।
श्रमिक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग और परिजन एकत्रित हो गए। फैक्ट्री प्रबंधन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए आक्रोशित भीड़ ने अमृत स्पिनर्स के मुख्य द्वार पर टायर फूंक दिए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि श्रमिक की मौत फैक्ट्री में ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से हुई है, ऐसे में पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और न्याय मिलना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित