अलवर , मार्च 15 -- राजस्थान में अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र में धोली धूप के पास स्थित एक फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनहेरी जाट (40) निवासी आगरा के रूप में हुई है, जो यहां रहकर मजदूरी का काम करता था।

फैक्ट्री के मालिक सचिन कुमार ने रविवार को पुलिस को बताया कि सुनहेरी शराब का आदी था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात को उसने शराब पी रखी थी और फैक्ट्री परिसर में टहलने के लिए निकल गया। इसी दौरान वह एक अस्थायी सीढ़ी पर चढ़ गया, जहां से गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूत्रों ने बताया कि सुबह जब अन्य मजदूर काम पर पहुंचे तो उन्हें लगा कि सुनहेरी सो रहा है, लेकिन काफी देर तक आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद मजदूर उसे तुरंत अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल पुलिस ने शव अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित