पटना, मार्च 12 -- संप्रदायिक वैमनस्यता एवं अशांति फैलाने का प्रयास तथा देशद्रोह के चर्चित पटना के फुलवारीशरीफ कांड में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरूवार को विशेष अदालत में दो लोगों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया।
एनआईए ने यह पूरक आरोप पत्र विशेष प्रभारी न्यायाधीश मधुकर सिंह की अदालत में पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष महबूब आलम उर्फ महबूब आलम नदवी और उपाध्यक्ष शमीम अख्तर के खिलाफ भारतीय दंड विधान एवं विधि विरुद्ध क्रियाकलाप अधिनियम की विभिन्न धाराओं में दायर किया है। दोनों अभियुक्तों पर देश में आतंक का माहौल बनाने और धार्मिक वैमनस्यता फैलाने के उद्देश्य से रची गई साजिश में सक्रिय रूप से शामिल होने का आरोप है।
मामला फुलवारी शरीफ थाना कांड संख्या 827/ 2022 दिनांक 12 जुलाई 2022 पर आधारित है।इस मामले में 22 जुलाई 2022 को एनआईए ने अपनी प्राथमिकी संख्या आरसी 31/ 2022 के रूप में दर्ज की है। प्राथमिकी के अनुसार देश में अशांति फैलाने एवं आतंकवादी तथा गैर कानूनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में प्रशिक्षण केंद्र चलाया जा रहा था।प्राथमिकी में 26 लोगों को नामजद एवं अन्य अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित