दुबई , दिसंबर 30 -- अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो और दुबई स्पोर्ट्स काउंसिल (डीएससी) के अध्यक्ष शेख मंसूर बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने दुबई में एक नए सालाना विश्व फुटबॉल पुरस्कार आयोजन के लॉन्च की घोषणा की है।

इस घोषणा के समय दुबई के क्राउन प्रिंस, संयुक्त अरब अमीरात के उप-प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री, और दुबई की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम भी मौजूद रहे।

यह इवेंट 2026 से शुरू होगा और एकमात्र आधिकारिक सालाना फीफा पुरस्कार समारोह बन जाएगा। इस समारोह में पिछले साल के बेहतरीन खिलाड़ियों, टीमों और इस खूबसूरत खेल की उपलब्धियों को सम्मानित किया जायेगा।

यह घोषणा दुबई में चल रहे विश्व खेल सम्मेलन के दौरान की गयी। इसमें फीफा और डीएससी ने नयी साझेदारी की पुष्टि करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित