वॉशिंगटन , अप्रैल 18 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उस समय अपनी ही पार्टी के भीतर दुर्लभ विरोध का सामना करना पड़ा, जब रिपब्लिकन सांसदों ने फॉरेन इंटेलिजेंस सर्विलांस एक्ट (फिसा) के नवीनीकरण को रोक दिया।
इस घटनाक्रम से न सिर्फ सदन अध्यक्ष माइक जॉनसन को बड़ा झटका लगा, बल्कि श्री ट्रंप के प्रभाव पर भी सवाल खड़े हो गये, क्योंकि अब तक अधिकांश मामलों में रिपब्लिकन सांसद उनके समर्थन में एकजुट रहते थे।विवाद के केंद्र में फिसा की धारा 702 है, जिसका उपयोग अमेरिकी खुफिया एजेंसियां विदेशी लक्ष्यों की निगरानी के लिए करती रही हैं। व्हाइट हाउस के जोरदार प्रयासों के बावजूद 20 से ज्यादा रिपब्लिकन सांसदोंने पार्टी लाइन से हटकर मतदान किया और प्रक्रिया को रोक दिया।
इस असफलता के बाद पार्टी नेतृत्व को मजबूरन इस निगरानी कार्यक्रम के लिए 10 दिन का अस्थायी विस्तार लागू करना पड़ा, जो अंतिम विकल्प था।
यह घटनाक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण रहा, क्योंकि ट्रंप, जो आमतौर पर प्रमुख मतदानों में पार्टी को एकजुटरखने में सफल रहते हैं, इस बार असंतुष्ट सांसदों को मनाने में विफल रहे।
श्री जॉनसन के लिए यह स्थिति राजनीतिक रूप से चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि उनकी रणनीति काफी हद तक श्री ट्रंप के प्रभाव पर निर्भर रही है।
प्रशासन ने सांसदों को मनाने के लिए व्यापक प्रयास किये थे। इसमें ब्रीफिंग आयोजित करना, सीआईए निदेशक जॉन रैटक्लिफ को सीधे सांसदों से संवाद के लिए लाना और हाउस परिसर के पास एक अस्थायी सुरक्षित सुविधा स्थापित करना शामिल था, ताकि सदस्य आसानी से गोपनीय जानकारी देख सकें।
शुरुआत में 'क्लीन एक्सटेंशन' पर जोर देने के बाद भी जब नेतृत्व ने बदलावों के संकेत दिये, तब तक कई सांसदों के लिए ये रियायतें अपर्याप्त साबित हुईं।
कुछ रिपब्लिकन सांसदों ने आरोप लगाया कि प्रक्रिया जल्दबाजी में चलायी गयी और देर रात मतदान तथा अंतिम समय के बदलाव नागरिक स्वतंत्रता और निगरानी से जुड़े गंभीर मुद्दों को पर्याप्त रूप से संबोधित नहीं कर पाये। अन्य नेताओं ने आंतरिक मतभेदों को जिम्मेदार ठहराया।
फिसा पर बहस लंबे समय से रिपब्लिकन पार्टी के भीतर राष्ट्रीय सुरक्षा समर्थक धड़े और निजता पर जोर देने वाले धड़े के बीच विभाजन का कारण रही है। इस बार यह मतभेद इतना गहरा रहा कि समय रहते सहमतिनहीं बन पायी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित