मुंबई , दिसंबर 29 -- उदयपुर के जांबाज पुलिस अधिकारी, हिमांशु सिंह राजावत फिल्म 'सागवान' से अभिनय की दुनिया में कदम रख रहे हैं।
दक्षिणी राजस्थान के सागवान के जंगलों के बीच पनपी फिल्म 'सागवान' की कहानी किसी एक मर्डर मिस्ट्री तक सीमित नहीं है। यह फिल्म उस अंधविश्वास पर प्रहार करती है, जो आज भी विज्ञान के युग में मासूमों की जान का दुश्मन बना हुआ है। इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी खुद हिमांशु सिंह राजावत हैं। राजावत ने न केवल मुख्य भूमिका निभाई है, बल्कि लेखन और निर्देशन की कमान भी संभाली है।
हिमांशु सिंह राजावत ने कहा, फिल्म सागवान की कहानी किसी एक केस की फोटोकॉपी नहीं है, बल्कि उनके करियर के उन सैकड़ों अनुभवों का निचोड़ है जहाँ उन्होंने इंसानियत को अंधविश्वास के आगे घुटने टेकते देखा है।
इस फिल्म में बॉलीवुड के मंझे हुए कलाकार सयाजी शिंदे,मिलिंद गुणाजी,एहसान खान और रश्मि मिश्रा की भी अहम भूमिका है।निर्माता प्रकाश मेनारिया और सह-निर्माता अर्जुन पालीवाल ने फिल्म को राजस्थान की जड़ों से जोड़े रखा है। धरियावद और प्रतापगढ़ जैसे इलाकों की बोली और वहाँ का परिवेश फिल्म को 'सिनेमा' से ज्यादा 'हकीकत' के करीब ले जाता है। सेंसर बोर्ड से यूए सर्टिफिकेट मिलने के बाद अब फैंस को बस इसकी रिलीज डेट का इंतजार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित