लखनऊ , फरवरी 22 -- बालीवुड अभिनेता संजय दत्त ने रविवार को लखनऊ के सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र में अपने अपने चिर-परिचित डायलॉग से पर्यावरण प्रेमियों से पेड़ लगाने की अपील की। उन्होंने युवाओं से कहा- "ओए मामू, बात सुन। जिंदगी में दो काम करने का। एक पौधा लगाने का, दूसरा पानी बचाने का। अगर ये नहीं किया तो.. नहीं किया तो खुद की वाट लगाने का।"सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के बुलावे पर युवा उत्सव 2.0 में शामिल होने लखनऊ पहुंचे संजय दत्त का एयरपोर्ट पर मौजूद उनके प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान संजय दत्त ने बंगला बाजार इलाके में रोड शो किया। रोड शो के दौरान संजय दत्त की महज एक झलक पाने को प्रशंसक बेकाबू हो गये। प्रशंसकों को उत्साहित देख संजय दत्त भी उत्साहित हो गये।

प्रशंसक रोड शो के दौरान उनके ऊपर फूल बरसा रहे थे, तो संजय दत्त ने भी प्रशंसकों पर फूलों बरसाये। इसके अलावा उन्होंने हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया। रोड शो में विधायक राजेश्वर सिंह भी संजय दत्त के साथ रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित