फिरोजाबाद , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस ने एक होटल पर छापा मारकर अनैतिक देह व्यापार में लिप्त 15 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर की सूचना पर हाईवे स्थित पारस होटल में चल रही अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी अमरीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल की घेराबंदी कर चार महिलाओं और 11 पुरुषों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा।
पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। इसके अलावा होटल के बाहर खड़ी छह मोटरसाइकिलों को भी सीज किया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमरीश कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित