फिरोजाबाद , जनवरी 11 -- फिरोजाबाद जिले के नारखी क्षेत्र में लापता युवक का रक्तरंजित शव रविवार को नलकूप की कोठरी से बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के गांव जाखई में आज सुबह ग्रामीणों ने एक ट्यूबवेल के पास दुर्गंध आने पर देखा तो कोठरी में एक शव पड़ा हुआ था।सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक का सिर कटा हुआ नग्न शव में पड़ा हुआ था। युवक के कपड़े अलग नदी के पास बरामद किए गए। जिसके आधार पर उसकी पहचान फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला लक्ष्मी नगर निवासी सौरभ सिंह (26) के रुप उसके भाई ने की। मृतक तीन दिनों से घर से लापता था। युवक टैक्सी चलाने का काम करता था। युवक की ससुराल गांव जाखई में है।
मृतक युवक के भाई ने पुलिस को उसके एक दोस्त और साले पर हत्या में शामिल होने की आशंका जतायी है। पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि शव की पहचान कर ली गई है। इस मामले में पुलिस की फॉरेंसिक टीम और पुलिस टीम में संबंधित मामले की गहनता से परीक्षण और जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि युवक की हत्या अन्यत्र कहीं कर शव को यहां लाकर फेंका गया है । भाई की रिपोर्ट के आधार पर दो संदिग्ध लोगों को पुलिस में हिरासत में ले लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा पुलिस टीम के मृतक के सिर को तलाश करने के प्रयास में लगी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित