फिरोजाबाद , फरवरी 02 -- फिरोजाबाद जिले की साइबर थाना पुलिस ने फर्जी लोन एप बनाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को सोमवार को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भारत सरकार के 'प्रतिबिंब' पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।
साइबर थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राघव, रजनीश, सोनू, नीलेश और पुष्पेंद्र शामिल हैं। सभी आरोपी फिरोजाबाद जिले के निवासी हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य महेश (निवासी गुड़गांव) फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, बड़ी संख्या में सिम कार्ड तथा सिम इम्प्रेशन मशीन सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी साइबर थाना चंचल त्यागी के अनुसार एनसीआरपी पोर्टल पर आरोपियों के खिलाफ फर्जी लोन एप से संबंधित कई शिकायतें दर्ज थीं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 'महान किट प्रा.लि.' नाम से फर्जी फर्म बनाकर कई लोन एप तैयार कराए और उन्हें प्ले स्टोर व एप्पल स्टोर पर लॉन्च किया। एप डाउनलोड करते ही वे संबंधित व्यक्ति के यूपीआई खाते में कुछ रकम लोन के रूप में भेज देते थे और एप की परमिशन के जरिए मोबाइल का डेटा एक्सेस कर लेते थे।
इसके बाद ऊंची ब्याज दरों पर वसूली की जाती थी। भुगतान से इनकार करने पर मोबाइल से प्राप्त फोटो को एडिट कर पीड़ित और उसके परिजनों को भेजकर ब्लैकमेल किया जाता था। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले कई वर्षों से यह गतिविधि कर रहे थे और अब तक करीब 800 लोगों से ठगी कर चुके हैं।
गिरोह से जुड़े सिम बेचने वाले आरोपियों ने भी स्वीकार किया कि वे मजदूरों और अशिक्षित लोगों के नाम पर सिम सक्रिय कर उन्हें बहाने से नहीं देते थे और बाद में इन्हें ऊंचे दामों पर रिकवरी एजेंटों को बेच देते थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है तथा फरार आरोपी की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित