फिरोजाबाद , मार्च 14 -- फिरोजाबाद जिले के पचोखरा थाना क्षेत्र के नगला महादेव गांव में शनिवार दोपहर एक महिला द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिलने पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बचा ली गई।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित तोमर और महिला उपनिरीक्षक निशा बंसल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक कमरे का दरवाजा बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और फंदे से लटक रही महिला को तुरंत नीचे उतार लिया। बताया गया कि यदि पुलिस कुछ देर और पहुंचती तो महिला की जान बचाना मुश्किल हो सकता था।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब का आदी है और वह उसके विरोध पर उसे प्रताड़ित करता था। इसी कारण वह मानसिक रूप से परेशान होकर यह कदम उठाने को मजबूर हो गई थी। पुलिस ने महिला को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित