फिरोजाबाद , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के नगला सिंघी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी की तलवार से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि गांव रामपुर निवासी ऑटो चालक गोविंद शुक्ला ने अपनी पत्नी सीमा (28) पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना 112 के माध्यम से मिलने पर थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी (सीओ) और एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।
उन्होने बताया कि गोविंद शुक्ला ने करीब पांच वर्ष पूर्व सीमा से प्रेम विवाह किया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीमें गठित कर दी हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित