फिरोजाबाद , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना उत्तर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल का लेंटर (छत) अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में मलबे में दबने से एक चार वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार जलेसर रोड स्थित अमरदीप कॉलेज के पीछे अशोक कुमार के मकान पर दूसरी मंजिल का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान लेंटर डालते समय छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद मजदूर व परिजन मलबे में दब गए।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सहित थाना पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ टीम को भी लगाया गया। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि हादसे में परिवार के सदस्य और ठेकेदार के लगभग 15 मजदूर घायल हुए हैं। इनमें चार वर्षीय बालिका सृष्टि की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित