फिरोजाबाद , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के थाना टूंडला क्षेत्र में चार दिन पूर्व चाय विक्रेता तेजपाल की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने गुरुवार को मृतक के मित्र मुकेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि 16 मार्च को जरौली चौराहे पर स्थित एक दुकान में सो रहे चाय विक्रेता तेजपाल की किसी भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के पुत्र द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था।

पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि पुलिस, फॉरेंसिक टीम एवं एसओजी द्वारा सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एक महिला से उसके प्रेम संबंध थे, जबकि मृतक का भी उसी महिला के पास आना-जाना था। इसी को लेकर उत्पन्न ईर्ष्या के कारण उसने हत्या की साजिश रची और दुकान में सोते समय तेजपाल पर स्टील के बका और मूसल से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार तथा आरोपी के कब्जे से खून से सनी शर्ट बरामद कर ली है। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित