फिरोजाबाद , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के अराव क्षेत्र के बाईपास रोड पर शनिवार दोपहर एक कार के डिवाइडर से टकराने से उसमें सवार मां और उसके एक वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और साली गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, मैनपुरी के भावतपुर चौराहा निवासी वरुण अपनी 24 वर्षीय पत्नी प्रियंका, एक वर्षीय पुत्र आर्यन तथा साली मोना के साथ थाना सिरसागंज क्षेत्र के नगला राधे गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह के बाद शनिवार दोपहर वह कार से अपने घर लौट रहे थे।

बताया गया है कि थाना अराव क्षेत्र के हाईवे पर पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में प्रियंका और आर्यन की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि वरुण और मोना गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस सभी घायलों को सरकारी ट्रॉमा सेंटर लेकर आई, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद प्रियंका और आर्यन को मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया गया है। घायलों का उपचार जारी है। वरुण की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित