फिरोजाबाद , मई 02 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार और शनिवार की रात एक कपड़े के शोरूम में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया, जबकि ऊपरी मंजिल पर फंसे एक ही परिवार के सात लोगों को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना उत्तर क्षेत्र के कोटला रोड स्थित नगला करन सिंह मार्केट में कमलेश भदौरिया के दो मंजिला कपड़ा शोरूम में देर रात अचानक आग लग गई। शोरूम के भूतल और प्रथम तल पर कपड़ों का कारोबार संचालित होता था, जबकि दूसरी मंजिल पर परिवार निवास करता था।
आग की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे फायर अधिकारी सत्येंद्र पांडेय के नेतृत्व में दमकल टीम ने आग की तीव्रता को देखते हुए अन्य फायर स्टेशनों से भी गाड़ियां मंगाईं। इस दौरान शोरूम की ऊपरी मंजिल पर फंसे परिवार के सात लोगों को सुरक्षित निकालना सबसे बड़ी चुनौती थी। दमकल कर्मियों ने सीढ़ी के माध्यम से ऊपर पहुंचकर साहस का परिचय देते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की।
कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चार दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक शोरूम में रखा अधिकांश माल जलकर राख हो चुका था। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग द्वारा नुकसान का आकलन और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित