फिरोजाबाद , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले की थाना मटसेना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब से लदा ट्रक बरामद किया है। इस मामले में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मंगलवार रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दतावली अंडरपास के समीप कार्रवाई की गई। इस दौरान अंग्रेजी शराब की 810 पेटियों से लदे ट्रक को रोका गया और उसमें सवार दो तस्करों नीरखा और सवाई सिंह, निवासी जनपद बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस ने ट्रक और शराब को जब्त कर लिया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को बुधवार को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, शराब तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है और आगे की कार्रवाई प्रचलित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित