चंडीगढ़ , मार्च 12 -- पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के सक्रिय सहयोग से सीमा पार संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भगोड़े भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष को गिरफ्तार कर लिया है। वह सनसनीखेज फिरोजपुर तिहरे हत्याकांड और नशीले पदार्थों की तस्करी के कई मामलों में वांछित मुख्य आरोपी है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि भुवनेश चोपड़ा की अंतर्राष्ट्रीय गतिविधियों पर नज़र रखने और उन्हें प्रतिबंधित करने के लिए एक रेड कॉर्नर नोटिस और लुक-आउट सर्कुलर जारी किया गया था। निरंतर अंतर्राष्ट्रीय समन्वय के परिणामस्वरूप उसकी लोकेशन का पता एक मध्य एशियाई देश में चला, जिसके बाद उसे वहां से निर्वासित कर दिया गया। उसे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुँचते ही गिरफ्तार कर लिया गया।

श्री यादव ने कहा कि भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष पाकिस्तान से पंजाब में नशीले पदार्थों की तस्करी का एक बड़ा सूत्रधार था। वह पहले कानून से बचने के लिए विदेश भागने में सफल रहा था। नशा तस्करी के अलावा, चोपड़ा अगस्त 2024 में फिरोजपुर में हुए तिहरे हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता भी रहा है। इस घटना में एक युवा लड़की और दो अन्य लोगों की जान चली गई थी। यह हत्याकांड चोपड़ा और पीड़ितों में से एक, दिलदीप सिंह के बीच पुरानी रंजिश का परिणाम था। उन्होंने कहा कि चोपड़ा की गिरफ्तारी पंजाब पुलिस द्वारा विदेशों में बैठे उन संचालकों और भगोड़ों के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर अभियान का हिस्सा है, जो विदेश से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हैं। इस ऑपरेशन में नवनिर्मित ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल यूनिट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

डीजीपी ने कहा कि चोपड़ा की गिरफ्तारी से फिरोजपुर और पंजाब के आसपास के सीमावर्ती जिलों में आने वाले नशीले पदार्थों की खेप के लॉजिस्टिक नेटवर्क के काफी हद तक टूटने की उम्मीद है। यह सीमा पार नशा तस्करी के संचालन के लिए एक बड़ा झटका है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि अपराधी और कानून से भागे हुए लोग, चाहे वे भारत में छिपे हों या विदेश में, उन्हें वापस लाकर कानूनी कार्रवाई की जायेगाी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित