पोर्ट मोरेस्बी , अप्रैल 13 -- समोआ की टीम ने सोमवार फिजी को हराकर लगातार दूसरी बार आईसीसी अंडर-19 महिला टी-20 विश्वकप में जगह बना ली है।
पापुआ न्यू गिनी में हुए पूर्वी एशिया-प्रशांत क्वालिफायर 2026 टूर्नामेंट में ऑलिव लेफागा लेमोए की टीम ने अमिनी पार्क में खेले गये मुकाबलों में फिजी, इंडोनेशिया, वानुअतु और मेजबान टीम को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। उसने मई 2024 में भी इस तरह विश्वकप में जगह बनाई थी। समोआ ने अपने अभियान के आखिरी दिन फिजी को हराकर विश्वकप का टिकट पक्का किया। इस बार उन्होंने 130 रनों का बचाव किया।
एवेटिया मापु ने 62 गेंदों में नाबाद 67 रन बनाकर अपनी टीम के स्कोर को मजबूत आधार दिया। गेंदबाजी में भी समोआ का प्रदर्शन ज़बरदस्त रहा और उसने फिजी को 72 रनों पर ही रोक दिया।
इस बार टूर्नामेंट की पसंदीदा टीम होने के नाते उन पर जीत का दबाव था लेकिन समोआ की टीम को रोकना मुश्किल था। उन्होंने पहले ही दिन वानुअतु को 58 रनों से हराया। इसके बाद इंडोनेशिया पर 53 रनों की जीत मिली, हालाँकि तीसरे मैच में पापुआ न्यू गिनी के ख़िलाफ़ समोआ को एक बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। यह चुनौती तब और मुश्किल हो गई जब पूरी टीम मात्र 58 रनों पर सिमट गई। टीम के गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की। हरदिया पड्डा ने 4/9 (4 ओवर) और टेलेसिया वाओला गैब्रियल ने 4/7 (3.4 ओवर) का शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को मुश्किल से निकाला और पापुआ न्यू गिनी को सिर्फ़ 48 रनों पर रोक दिया। आखिरी दिन भी वाओला गैब्रियल ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया। उन्होंने 4/19 (4 ओवर) और पड्डा (तीन ओवर में 2/9) के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई।
लेफ़ागा लेमोए की कप्तानी में, टीम अगले साल होने वाले वैश्विक टूर्नामेंट में पहली बार जीत का स्वाद चखने का लक्ष्य रखेगी, क्योंकि 2024 में वे जीत से चूक गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित