लखनऊ , फरवरी 01 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एसआईआर प्रक्रिया के तहत गाँवों में पहले से छपे फार्म-7 भेजे जाने को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इन फार्मों के जरिए फर्जी आपत्तियाँ दर्ज कर विपक्षी मतदाताओं के नाम कटवाने की साज़िश रची जा रही है।
रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कई मामलों में शिकायतकर्ता का कोई अता-पता नहीं है और फर्जी हस्ताक्षर करवाकर नाम हटवाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में खासतौर से पीडीए समाज और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। कई मतदाताओं को तो यह भी जानकारी नहीं है कि उनके सभी दस्तावेज सही होने के बावजूद उनके नाम पर आपत्ति लगा दी गई है।
सपा अध्यक्ष ने माननीय न्यायालय, निर्वाचन आयोग और समस्त पत्रकारों से इस "महाघोटाले" का संज्ञान लेने की अपील की है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय व स्थानीय मीडिया, यूट्यूबर और लोकल न्यूज़ कर्मियों से लोकतंत्र के हित में इस कथित साज़िश का पर्दाफाश करने का आग्रह किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी ऐसे मामलों को देश-प्रदेश के सामने लाएगी और ईमानदार पत्रकारिता करने वालों का समर्थन करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित