ऊधम सिंह नगर , मार्च 30 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में युवक पर जानलेवा फायरिंग करने वाले दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए कहा कि विगत 24 मार्च को बरखेड़ा पाण्डेय निवासी 21 वर्षीय शानू पर अज्ञात बाइक सवारों ने फायरिंग कर घायल कर दिया था। डायल 112 पर दी गई सूचना पर आईटीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को पता चला कि आरोपी फायरिंग की घटना के बाद मोटर साइकिल से फरार हो गए थे।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी बांसखेड़ा फ्लाईओवर के नीचे खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों बिलाल (19 वर्ष) और मोहम्मद रफी उर्फ गुड्डू निवासी पोपरी कालोनी, बरहैनी, बाजपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते उन्होंने घटना को अंजाम दिया। युवक के बच जाने के बाद आरोपी आज दोबारा फायरिंग की योजना बना रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित