बैतूल , अप्रैल 8 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में फल की पेटियों की आड़ में बसों के जरिए अवैध शराब तस्करी के संगठित तरीके का पुलिस ने खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नया शराब ठेका शुरू होने के बाद पुराने स्टॉक को खपाने के उद्देश्य से यह तस्करी की जा रही थी। आरोपी पिछले करीब एक सप्ताह से सारनी से नर्मदापुरम के बीच चलने वाली यात्री बसों के माध्यम से शराब का परिवहन कर रहे थे। संदेह से बचने के लिए चीकू, संतरा और अंगूर की पेटियों के बीच शराब की पेटियां छिपाकर रखी जाती थीं।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने जय स्तंभ चौक पर इटारसी-नर्मदापुरम मार्ग की एक बस को रोककर तलाशी ली, जहां फल की पेटियों के बीच छिपाकर रखी गई दो पेटी देशी और विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से डालचंद जोशी और अमित जाटव, निवासी बंगाली कॉलोनी नर्मदापुरम को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी जयपाल इनवाती ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह तस्करी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा होने के संकेत मिले हैं। पुलिस अब अवैध शराब के भंडारण स्थल और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस ने आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील करते हुए कहा है कि ऐसे अवैध कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित