फर्रुखाबाद , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सदर विधायक एवं समिति के सभापति सुनीलदत्त द्विवेदी ने की, जबकि देवरिया विधायक सभाकुंवर और बलिया विधायक जयप्रकाश चंचल बतौर सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में समिति के सदस्यों ने जिले में संचालित सार्वजनिक उपक्रमों और निगमों की कार्यप्रणाली, प्रगति तथा जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, वित्तीय प्रबंधन, सेवा वितरण की गुणवत्ता और आमजन को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली गई।
समिति के सदस्यों ने डा राममनोहर लोहिया चिकित्सालय में बन रहे क्रिटिकल केयर यूनिट का स्थलीय निरीक्षण भी किया और कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी अश्विनी कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित