फर्रुखाबाद , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में पूर्व सपा विधायक विजय सिंह के आवास पर हुए भीषण विस्फोट में गंभीर रूप से घायल पूर्व प्रधान उदय प्रताप उर्फ भैया लाल की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि यह घटना 17 मार्च की शाम शहर के नाला मच्छरट्टा मोहल्ले में स्थित पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुई थी। विस्फोट में पूर्व विधायक के पुत्रों समेत आधा दर्जन लोग घायल हुए थे, जिनमें थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के ग्राम नूरपुर निवासी पूर्व प्रधान उदय प्रताप उर्फ भैया लाल भी शामिल थे।
घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा था। इसी दौरान भैया लाल ने मंगलवार रात कानपुर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित