फर्रुखाबाद , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कादरी गेट थाना पुलिस के साथ शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में महिला से लूटपाट करने वाला एक सशस्त्र लुटेरा घायल हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि करीब 12 घंटे पहले कादरी गेट थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा पर सवार एक महिला से स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने कान के कुंडल समेत अन्य सामान लूट लिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की और थाना क्षेत्र निवासी सौरव यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी दीपक उर्फ दादा का नाम उजागर किया।

इसके बाद पुलिस ने लकूला क्षेत्र स्थित एक बंद पड़े ईंट-भट्ठे पर घेराबंदी की। इस दौरान वहां छिपे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दीपक उर्फ दादा के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस तथा लूटे गए कान के कुंडल बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित