फर्रुखाबाद , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कपिल थाना क्षेत्र के पथरामई गांव में रविवार को भीषण अग्निकांड में 16 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग में लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया, जबकि छह मवेशियों की मौत हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि रविवार अपराह्न करीब तीन बजे गांव की एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने तेजी से फैलकर देखते ही देखते 16 झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में झोपड़ियों में रखा गृहस्थी का सामान, आटा, दाल, आलू, सरसों, गेहूं, कपड़े, नकदी और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। नुकसान लाखों रुपये का बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय फतेहगढ़ से अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां अग्निशमन अधिकारी प्रियांशु अवस्थी के नेतृत्व में मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने गांव के समीप स्थित ट्यूबवेल से पानी लेकर करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पांच बकरियां और एक भैंस समेत छह मवेशी जलकर मर गए, जबकि एक भैंस और उसका बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए।
उधर कायमगंज तहसील से राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित