फर्रुखाबाद , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक बाग से अज्ञात महिला का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जता रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिला मुख्यालय से लगभग 38 किलोमीटर दूर कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन श्यामनगर मझोला के समीप स्थित एक बाग में करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, पुलिस उपाधीक्षक राजेश द्विवेदी तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आशंका है कि महिला की कहीं अन्य स्थान पर गला दबाकर हत्या की गई और शव को बाग में लाकर छिपाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं तथा घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित