फर्रुखाबाद , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक का शव गांव के पास पेड़ से लटका मिला।

पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम धनी नगला निवासी बृजेश राजपूत (19) चार दिन पहले जयपुर में नौकरी की तलाश में गया था, लेकिन काम न मिलने पर वापस घर लौट आया था। वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार रात जब परिवार के सभी लोग सो गए तो युवक घर के पास एक पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर लटक गया।

सूत्रों के अनुसार उसकी मां पिंकी देवी रात करीब तीन बजे जागीं तो उन्होंने बेटे को घर में नहीं देखा। आवाज लगाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। रविवार सुबह जब वह गांव के पास पेड़ की ओर गईं तो उन्होंने बेटे को फांसी के फंदे से लटका देखा।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। फिलहाल आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित