फर्रुखाबाद , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम बराकेशव निवासी नरेंद्र कुमार अपने 17 वर्षीय पुत्र गगन के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम तेरा स्थित गैस एजेंसी पर घरेलू गैस सिलेंडर भरवाने गए थे। गैस न मिलने पर दोनों दोपहर में वापस घर लौट रहे थे। बताया गया कि जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल ग्राम तेरा मोड़ से मुड़कर इटावा-बरेली हाईवे पर पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक डंपर समेत मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना में गगन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए मोहम्मदाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर फर्रुखाबाद स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित