फर्रुखाबाद , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार को समैचीपुर चितार गांव में भीषण अग्निकांड में तीन पक्के मकान और दो झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस हादसे में लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गंगा कटरी क्षेत्र के समीप स्थित गांव में एक झोपड़ी में खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी से आग लग गई। तेज हवा और कड़ी धूप के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास के तीन मकानों व दो झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।
अग्निकांड में एक ही परिवार के पांच घरों में रखा करीब 40 कुंतल गेहूं, आटा, सरसों, तेल, कपड़े, बर्तन, नकदी समेत लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। साथ ही एक भैंस और एक पड़िया भी झुलसकर घायल हो गई। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, राजस्व एवं पशुपालन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने भी गंगा कटरी से पंपिंग सेट के जरिए पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने में सहयोग किया।
कायमगंज से पहुंची दमकल टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में नौशाद, शमशाद, मयशाद, हासमा बेगम, शाहरुख और हुसैन मोहम्मद सहित अन्य लोगों की संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित