फर्रुखाबाद , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब आठ माह पूर्व अपह्रत एक ग्रामीण का कंकाल बुधवार को बरामद किया। इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम गूजरपुर पमारान निवासी ओमवीर राठौर को पिछले साल 20 जुलाई को गांव का रामू यादव बुला ले गया था जिसके बाद ओमवीर घर लौटकर नहीं आया था। लापता युवक की मां राजेश्वरी ने थाने में गुमशुदगी की तहरीर थी। बाद में पत्नी धर्मशीला ने थाने में गांव के रामू यादव आदि कई लोगों विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था।

उन्होंने बताया कि ओमवीर राठौर अपहरण कांड के मामले पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कई टीमों का गठन किया। टीम ने गांव के ही रामू यादव को हिरासत में लेकर मंगलवार रात्रि में कड़ाई से पूछताछ की। आरोपी रामू यादव ने पुलिस को बताया कि ओमवीर राठौर को,रामू यादव अपनी बहन की ससुराल ले गया था। जहां ओमवीर ने उसकी बहन से छेड़खानी की थी ,जिसका उसकी बहन के ससुराली जनों ने विरोध किया तथा बहन से रिश्ते भी खराब हो गए थे।

उन्होंने बताया कि बहन के साथ छेड़खानी एवं रिश्ते खराब होने की घटना का ही बदला लेने वाला पीड़ित आरोपी रामू यादव ने ,अपने एक साथी सुजीत के साथ मिलकर, अपने खेत पर शराब पीने के बहाने से ओमवीर राठौर को बुलाया और गमछे से गला घोटकर मार डाला और उसके शब को अपने ही खेत मे मिट्टी के अंदर गड़ा दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित