नयी दिल्ली , दिसंबर 16 -- दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने यात्रा प्लेटफॉर्म 'बुकिंग डॉट कॉम' की नकल करके ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने ग्राहक सहायता कर्मचारी बनकर कई पीड़ितों से ठगी की और ओटीपी एवं यूपीआई आधारित धोखाधड़ी कर उनसे पैसे निकाले। यह मामला तब सामने आया जब एक शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने 'बुकिंग डॉट कॉम' जैसी दिखने वाली वेबसाइट के माध्यम से होटल बुक करने करने की कोशिश की जिसमें उनसे 57,186 रुपये की धोखाधड़ी हुई। पीड़ित व्यक्ति अमेरिका में इस प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रहा था, उससे एक धोखेबाज ने संपर्क किया, जिसने खुद को 'बुकिंग डॉट कॉम' का ग्राहक सहायता प्रतिनिधि बताया।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) आदित्य गौतम ने कहा कि बुकिंग की पुष्टि और सहायता प्रदान करने के बहाने, आरोपी ने पीड़ित को संवेदनशील ओटीपी एवं यूपीआई विवरण साझा करने के लिए प्रेरित किया, जिसके बाद अनधिकृत लेनदेन हुए। जांच के दौरान, पुलिस टीम को पता चला कि ठगी राशि का उपयोग आरोपी ने अपने क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान करने के लिए किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में तकनीकी विश्लेषण एवं वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर जांचकर्ताओं ने संदिग्ध की पहचान प्रतोष कुमार (26) के रूप में की जो बिहार के शेखपुरा जिले का निवासी है और कक्षा 12 तक पढ़ा है।

श्री गौतम ने कहा कि पुलिस ने पीड़ितों को फंसाने के लिए उपयोग किए गए व्हाट्सएप चैट सहित आपत्तिजनक डिजिटल सबूत भी बरामद किए हैं। छापेमारी में तीन मोबाइल फोन और एक जाली आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। आरोपी ने कथित रूप से अपना अपराध कबूल कर लिया और स्वीकार किया कि उसने धोखाधड़ी वाली राशि को अपने क्रेडिट कार्ड खाते में स्थानांतरित किया था।

उन्होंने कहा कि टीम ने खुलासा किया कि प्रतोष पिछले छह वर्षों से साइबर धोखाधड़ी में सक्रिय है और पकड़े जाने से बचने के लिए कई मोबाइल नंबरों एवं फर्जी पहचान दस्तावेजों का उपयोग करता रहा है। इस प्रक्रिया में 'बुकिंग डॉट कॉम' और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों का ग्राहक सहायता कर्मचारी का रूप धारण करना, बुकिंग की पुष्टि या धन वापसी के लिए पीड़ितों से संपर्क करना और उन्हें गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित करना शामिल था। इस मामले में शामिल अन्य पीड़ितों एवं सहयोगियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित