चंडीगढ़ , फरवरी 04 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वन विभाग के एक अधिकारी द्वारा कर्मचारी पर फर्जी बिलों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाये जाने के मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। जन संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को शिकायतकर्ता गुरमीत ने बताया कि वह फौजसे सेवानिवृत्त है और वर्तमान में वन विभाग में कार्यरत है। एक अधिकारी उस पर फर्जी बिलों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बना रहा था और मना करने पर कार्रवाई की धमकी दी गयी।

मुख्यमंत्री ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के जन संवाद कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को जन समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने पर कड़ी फटकार लगायी। उन्होंने कहा कि नागरिक जब अपनी समस्या लेकर आते हैं, तो अधिकारी तुरंत संज्ञान लेकर समाधान सुनिश्चित करें। अनावश्यक रूप से चक्कर कटवाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार को आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 225 शिकायतें सुनीं और अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कलाल माजरा निवासी सुभाष की शिकायत पर सोलर लाइट परियोजना में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए उपायुक्त को निर्देश दिये। वहीं, टाटकी की नर्सरी में खिलाड़ियों को डाइट का पैसा न मिलने के मामले में भी जांच के आदेश दिये गये।

इसके अलावा ठगी के मामलों में दोष सिद्ध होने पर आरोपियों की संपत्ति अटैच करने, बिजली चोरी के संदिग्ध मामलों की जांच, डेरे में रहने वाले परिवारों को बिजली कनेक्शन देने और जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी मुख्यमंत्री द्वारा दिये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित