रायगढ़ , मार्च 07 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में फर्जी पुलिस बनकर एक वृद्ध महिला से सोने की चेन झपटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ सम्बलपुरी से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए मां मंगला कंपनी की बस से निकले थे। सिग्नल चौक के पास उतरने के बाद दोनों पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड जाने के लिए मरीन ड्राइव पंजरी प्लांट मार्ग से जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी हादसे के संबंध में पूछताछ करने लगे तथा आधार कार्ड दिखाने को कहा।

बातचीत के दौरान एक आरोपी ने अचानक वृद्धा के गले से सोने की चेन खींच ली और दोनों आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो गए। घटना की शिकायत पर थाना चक्रधरनगर में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने तत्काल नाकेबंदी कर पीड़िता से आरोपियों के हुलिए और स्कूटी के संबंध में जानकारी ली। पुलिस टीम ने आसपास के मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और फुटेज पीड़िता व उसकी पोती को दिखाए गए, जिसमें आरोपियों की पहचान हुई।

इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही चमार सिंह यादव और रामकुमार नायक को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 सोने की फोकली, एक स्वर्ण पदक और काले मोती लगी सोने की माला बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 85 हजार रुपये बताई जा रही है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त करीब 50 हजार रुपये कीमत की स्कूटी भी जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में चमार सिंह यादव निवासी नवागढ़ राजापारा रायगढ़ और रामकुमार नायक निवासी मधुवन पारा सिटी कोतवाली रायगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में झपटमारी और उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थानों को पेट्रोलिंग प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं और ऐसे आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित