अलवर , अगस्त 09 -- राजस्थान में अलवर के राजर्षि भर्तहरि मत्स्य विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह पर पहुंचे राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने फर्जी डिग्री बांटने वाले कॉलेज और विश्वविद्यालय को सीधा संदेश देतेहुए कहा कि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

श्री बागडे ने कहा कि उनके भवनों को सील किया जाएगा, उनमें होटल चलेंगी। उन्होंने मत्स्य विश्वविद्यालय में बीते साल हुए भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी का भी जिक्र करते हुए कहा कि अब इस तरह की गड़बड़ी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को किताबी ज्ञान के अलावा तकनीकी ज्ञान होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि डिग्री होने के बाद भी युवा नौकरी के लिए भटक रहे हैं। उन्हाेंने कहा, " मेरे पास भी युवा नोकरी के लिए आते हैं और मैं भी उनके लिए कंपनियों में फोन करता हूं और फोन करना पड़ता है।"राजर्षि भर्तहरि मत्स्य विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह में श्री बागडे ने पीएचडी करने वाले स्टूडेंट को डिग्रियां दी। साथ ही विश्वविद्यालय में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट को गोल्ड मेडल दिये।

उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा सरकारी एवं प्राइवेट विश्वविद्यालय राजस्थान में हैं। राजस्थान में सभी पास होते हैं, लेकिन केवल पास होने का ध्येय मत रखो, आगे भी सोचो। आज के समय में किताबी ज्ञान आवश्यक नहीं है, उसके अलावा स्टूडेंट को तकनीकी और अन्य ज्ञान भी होना आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित