चंडीगढ़ , फरवरी 12 -- भारती एयरटेल फाउंडेशन ने जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय वाईएमसीए फरीदाबाद के 100 विद्यार्थियों को अपने स्कॉलरशिप प्रोग्राम के तहत छात्रवृत्ति देने की घोषणा की है।

यह घोषणा भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष और संस्थान के पूर्व छात्र राकेश भारती मित्तल ने स्वर्ण जयंती पूर्व छात्र मिलन समारोह संगम-2026 के दौरान की। समारोह का आयोजन कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार की अध्यक्षता में किया गया।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने लगभग 23 करोड़ रुपये के निवेश से चार नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की घोषणा की। ये केंद्र कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग, एंटी-ड्रोन टेक्नोलॉजी मेकाट्रॉनिक्स और आइडिया लैब जैसे उभरते क्षेत्रों पर केंद्रित होंगे।

कार्यक्रम में डाइकिन इंडिया के सीईओ एवं एमडी कंवलजीत जावा फुजी जेमको प्रा. लिमिटेड के सीईओ डॉ. महेश सचदेवा और एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखदेव सिंह सहित कई कॉर्पोरेट प्रतिनिधि मौजूद रहे।

राकेश भारती मित्तल ने बताया कि 2026-27 सत्र से प्रतिवर्ष 100 मेधावी विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप दी जाएगी। 8.5 या अधिक सीजीपीए हासिल करने वाले छात्रों को लैपटॉप और छात्रावास व मेस शुल्क के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित